बारापुला फेज-3 कॉरिडोर से पूर्वी-दक्षिणी दिल्ली की राह आसान, अमित शाह ने दिल्ली को दीं ₹1,941 करोड़ की

नई दिल्ली, 29 सितंबर। राजधानी दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पूर्वी दिल्ली को दक्षिणी दिल्ली से बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में मंगलवार को एक बड़ी विकास परियोजना पूरी हुई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर दिल्लीवासियों को कुल 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित दिल्ली सरकार के कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां होते हुए दक्षिणी दिल्ली और एम्स तक आवागमन पहले के मुकाबले अधिक सुगम होगा। इस कॉरिडोर से नोएडा और पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मजबूत होने से यात्रियों को बार-बार लगने वाले जाम और ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने से निजात मिलेगी तथा यात्रा के समय में भी कमी आएगी।

करीब 1,635 करोड़ की लागत से तैयार हुआ कॉरिडोर

बारापुला फेज-3 परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी दी गई थी। इसके तहत मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 11 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई थी। वर्ष 2015 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ और इसे 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन विभिन्न अड़चनों के कारण परियोजना निर्धारित समय से काफी पीछे चली गई। करीब 1,635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के बीच यातायात संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परियोजना के निर्माण में हुई देरी को लेकर पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में मंजूरी मिलने और वर्ष 2015 में निर्माण शुरू होने के बावजूद 2025 तक सत्ता में रही सरकार इस परियोजना को पूरा नहीं कर सकी। मुख्यमंत्री के अनुसार, उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के साथ जब निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था, तब कॉरिडोर का एक हिस्सा तैयार था, जबकि बीच का बड़ा हिस्सा अधूरा पड़ा था। उनकी सरकार ने परियोजना को प्राथमिकता देते हुए शेष कार्य पूरा कराया, जिससे अब यह कॉरिडोर जनता के लिए खोल दिया गया है।

यमुना के ऊपर आकर्षक संरचना, साइकिल और पैदल यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था

बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 को केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसमें साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। कॉरिडोर में साइकिल चलाने वालों के लिए अलग ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए विशेष लेन बनाई गई है। इस लेन का उपयोग लोग मॉर्निंग वॉक के लिए भी कर सकेंगे। यमुना नदी के ऊपर बने हिस्से में लंबे स्पैन वाली संरचना और शीशे की रेलिंग का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को यमुना का सुंदर दृश्य भी देखने को मिलेगा।

दिल्ली के विकास को नई गति देने का संकल्प

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का लोकार्पण तथा मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास का शिलान्यास कर दिल्लीवासियों को 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित की हैं। उन्होंने कहा कि बारापुला कॉरिडोर के शुरू होने से मयूर विहार फेज-1 से एम्स तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और पूर्वी एवं दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर आसान होगा।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली को विकसित राजधानी बनाने के संकल्प को नई गति मिल रही है। इन परियोजनाओं से राजधानी की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज कुमार सिंह, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी तथा विधायक सरदार तरविंदर सिंह मारवाह और रविन्दर सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।