मनोज जैन ने बताया स्वच्छ-हरित दिल्ली की दिशा में बड़ा कदम, 30 नई ईवी रोड-स्वीपिंग मशीनों को मंजूरी

609 किलोमीटर सड़कें होंगी मशीनों से कवर, 854 छोटी-संकरी सड़कों की सफाई से धूल और प्रदूषण पर लगेगा अंकुश

नई दिल्ली। स्वच्छ और हरित दिल्ली की दिशा में दिल्ली सरकार के महत्वपूर्ण फैसले का स्वागत करते हुए दरियागंज के मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने कहा कि छोटी और संकरी सड़कों की सफाई के लिए 30 नई इलेक्ट्रिक मैकेनिकल रोड-स्वीपिंग मशीनों को मंजूरी मिलना राजधानी की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि इन मशीनों के जरिए 609 किलोमीटर लंबी सड़कों और 854 सड़कों की सफाई की योजना से दिल्ली के उन इलाकों को भी बेहतर सफाई व्यवस्था मिलेगी, जहां बड़ी मशीनों की पहुंच मुश्किल रहती है।

मनोज जैन ने कहा कि 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक मशीनों के इस्तेमाल से सड़क सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नियमित मैकेनिकल सफाई से सड़कों पर जमा धूल-मिट्टी कम होगी और प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सड़कें केवल शहर की सुंदरता से जुड़ा विषय नहीं हैं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन से भी सीधे जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि छोटी और संकरी गलियों में मशीनों से सफाई की सुविधा मिलने से सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी और नियमित हो सकेगी। आधुनिक तकनीक आधारित यह व्यवस्था दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित राजधानी बनाने में सहायक होगी।

मनोज जैन ने कहा कि दिल्ली को आधुनिक और स्मार्ट शहर बनाने के लिए पारंपरिक सफाई व्यवस्था के साथ नई तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल संसाधनों को तेजी से अपनाने की जरूरत है।