सफाई मित्रों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी : महापौर प्रवेश वाही

सेवा संकल्प अभियान के तहत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित

नई दिल्ली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा के साथ महापौर प्रवेश वाही शामिल हुए। इस अवसर पर सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच, कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा PPE और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की पहल की गई।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि जो सफाई मित्र हर दिन दिल्ली की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाते हैं, उनके सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार और निगम की है। उन्होंने सफाई मित्रों के परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सफाई मित्र केवल स्वच्छता व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली के निर्माण के महत्वपूर्ण योद्धा हैं। उनके परिवारों के कल्याण और उन्हें आवश्यक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

शिविर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एमसीडी स्वच्छ दिल्ली के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।