‘‘आप’’ पार्षदों का फंड रोक कर दिल्लीवालों से बदला ले रही भाजपा- अंकुश नारंग

विकास कार्य के लिए पार्षदों को दो करोड़ देने का वादा अभी तक पूरा नहीं किया- अकुश नारंग

नई दिल्ली।आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने शुक्रवार को आयोजित एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में एक बार फिर लंबित फंड जारी करने की मांग उठाई। साथ ही, दिल्ली की बदहाल सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बढ़ते प्रदूषण और मिड-डे-मील समेत अन्य जनहित के मुद्दे भी उठाए। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा से कहा कि क्या ‘‘आप’’ पार्षदों को फंड रोक कर भाजपा दिल्लीवालों से बदला ले रही है? विकास कार्य कराने के लिए हर पार्षद को दो करोड़ देने का वादा किया गया था, लेकिन ‘‘आप’’ पार्षदों को अभी तक पूरा फंड नहीं मिला। जबकि भाजपा अपने पार्षदों को फंड दे रही है। उन्होंने कहा कि बदहाल सफाई व्यवस्था और बढ़ते प्रदूषण को लेकर भी भाजपा के पास कोई ठोस प्लान नहीं है। भाजपा झूठे वादे कर दिल्ली के लोगों और पार्षदों को सिर्फ गुमराह कर रही है।

अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित स्थायी समिति की बैठक में ‘‘आप’’ के स्थायी समिति सदस्यों ने दिल्ली की बदहाल सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बढ़ते प्रदूषण, मिड-डे मील की गुणवत्ता और दिल्ली के सौंदर्यीकरण जैसे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता और मजबूती से उठाया। आम आदमी पार्टी का संकल्प है कि दिल्ली की जनता से जुड़े हर मुद्दे को एमसीडी के सदन और प्रत्येक बैठक में पूरी ताकत के साथ उठाया जाएगा। जनता की आवाज़ बनना, उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना और जनसमस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेही तय कराना ही हमारी प्राथमिकता है। जनता के मुद्दों पर न समझौता करेंगे, न पीछे हटेंगे।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि पिछले वर्ष मैंने बतौर स्टैंडिंग कमेटी सदस्य और विपक्ष के नेता के रूप में बजट पर अपनी बात रखी थी। तब भाजपा की स्टैंडिंग कमेटी की चेयरमैन सत्य शर्मा ने कहा था कि हर पार्षद को उसके क्षेत्र के विकास के लिए 2 करोड़ रुपए मिलेंगे, जबकि सात महीने गुजर जाने के बावजूद अभी तक सिर्फ 50 लाख रुपए ही मिले हैं। बचे हुए डेढ़ करोड़ रुपए वे कैसे देंगे? धीरे-धीरे कह देंगे कि उनके पास बजट नहीं है। भाजपा जब से आई है, खोखले वादे करके दिल्ली की जनता और पार्षदों को गुमराह कर रही है। अगर किसी भी पार्षद को फंड ही नहीं मिलेगा, तो क्षेत्रों का विकास कैसे हो पाएगा?

अंकुश नारंग ने आगे कहा कि स्टैंडिंग कमेटी में इस बात पर चर्चा हुई कि इस महीने प्रदूषण काफी होगा, तो इसकी रोकथाम के लिए एमसीडी ने क्या कदम उठाए हैं। छठ पूजा आ रही है, तो क्या ये लोग फिर से नकली यमुना का कोई घाट बना देंगे? अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हम हर पार्षद को छठ पूजा बेहतरीन तरीके से मनाने के लिए 40 हजार रुपए का फंड दिया करते थे। क्या भाजपा की चार इंजन की सरकार ने छठ पूजा के लिए बजट बढ़ाया है या वह मिल भी रहा है या नहीं? क्या दिवाली पर इस बार लाइटें मिल रही हैं और बारिश की वजह से होने वाली बीमारियों जैसे मलेरिया, चिकनगुनिया, डेंगू आदि की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार एमसीडी और दिल्ली में सिर्फ अपनी जेबें भर रही है और भ्रष्टाचार कर रही है। दिल्ली में लगातार हादसे हो रहे हैं। हाल ही में नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में फिर से एक बिल्डिंग गिर गई। इससे पहले सत्य निकेतन और साउथ जोन में एक बिल्डिंग गिरी थी। भाजपा के वार्डों में लगातार बिल्डिंग गिर रही हैं क्योंकि भाजपा एमसीडी के बिल्डिंग डिपार्टमेंट और अन्य अधिकारियों के साथ नेक्सस करके भ्रष्टाचार कर रही है। आज आम आदमी पार्टी ने स्टैंडिंग कमेटी में ये सारी बातें इसलिए उठाईं ताकि भाजपा भ्रष्टाचार रोककर दिल्ली के लिए भी कुछ काम कर ले।

वहीं, एमसीडी की सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि भाजपा और स्टैंडिंग कमेटी पिछले 7 महीने से पार्षदों को उल्लू बना रही है। शायद स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा को भी “आप” पार्षदों को उल्लू बनाने में बहुत मजा आ रहा है। उन्होंने सात महीने पहले घोषणा की थी कि सभी पार्षदों को क्षेत्र के विकास के लिए 2-2 करोड़ रुपए मिलेंगे, लेकिन इसके बदले सिर्फ जुमला मिला। भाजपा अच्छी तरह जानती है कि आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद जमीन से जुड़कर काम करते हैं। अगर उन्हें फंड मिला, तो वे काम कराकर जनता के दिलों में बस जाएंगे। इसी डर से सत्या शर्मा और भाजपा हमारे पार्षदों को फंड नहीं देना चाहते।

प्रीति डोगरा ने बताया कि भाजपा ने अपने पार्षदों को सीएमडीएफ के नाम पर पैसा दे दिया है, जिससे उनके वार्डों में काम हो रहा है। फंड रोककर भाजपा हमारे पार्षदों के साथ नहीं, बल्कि सीधे दिल्ली की जनता के साथ धोखा कर रही है। सत्या शर्मा यह भूल रही हैं कि स्थायी समिति की अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी पूरी दिल्ली की जनता के प्रति है।

प्रीति डोगरा ने कहा कि भाजपा की इन बड़ी-बड़ी बातों और जुमलों से दिल्ली नहीं चलने वाली। यहां जमीनी स्तर पर गरीबों और आम जनता के लिए काम होना चाहिए। अगर भाजपा के लोग जनता का काम नहीं कर सकते, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। वैसे भी जनता जल्द ही भाजपा को एमसीडी और दिल्ली की सत्ता से बाहर करने वाली है, इसलिए भाजपा अपनी सीट बेल्ट बांध ले।