भलस्वा लैंडफिल से 1.02 करोड़ मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण, अब 25 लाख टन कचरा बाकी

महापौर प्रवेश वाही ने किया लैंडफिल साइट का निरीक्षण, नई एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश; प्रतिदिन होगी प्रगति की समीक्षा

नई दिल्ली। भलस्वा लैंडफिल साइट पर कचरे के पहाड़ को खत्म करने की दिशा में दिल्ली नगर निगम ने बड़ी प्रगति का दावा किया है। अब तक यहां जमा करीब 1 करोड़ 2 लाख मीट्रिक टन लीगेसी कचरे का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि लगभग 23 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरा अभी शेष है। महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर बायो माइनिंग और कचरा निस्तारण कार्यों की समीक्षा की।

महापौर ने अधिकारियों को शेष कचरे के निस्तारण में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इसके लिए नई एजेंसी से अनुबंध किया गया है। कचरा निस्तारण की गति बढ़ाने के साथ ही कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी, ताकि काम में किसी तरह की ढिलाई न रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से दिल्ली की लैंडफिल साइटों पर कचरे के निस्तारण और भूमि पुनःप्राप्ति का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। भलस्वा लैंडफिल साइट पर करीब 30 प्रतिशत और ओखला लैंडफिल साइट पर 60 प्रतिशत भूमि पुनः प्राप्त की जा चुकी है। इन जमीनों के उपयोग की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुराने कचरे के साथ-साथ नए कचरे के निस्तारण की व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। इसके लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी और वज्र नामक अत्याधुनिक मशीन भी लगाई जा रही है। महापौर ने स्पष्ट किया कि भलस्वा के कचरे के पहाड़ को तय समय सीमा में पूरी तरह खत्म करना निगम की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल एवं प्रसन्ना रामा स्वामी, उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त सचिन गुप्ता, बाहरी उत्तर क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा, प्रमुख अभियंता के.के. शर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।