MCD चुनाव बड़ा ऐलान : 6 महीने के भीतर ही होगा निगम चुनाव ,इस हफ्ते लगेगी एकीकृत एमसीडी बिल पर राष्ट्रपति की मुहर…

दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर लगातार एक सवाल सुर्खियों में है कि आखिर एमसीडी चुनाव अब कबतक होगा? विपक्ष में बैठी आम आदमी पार्टी लगातार ये आरोप लगा रही है कि चुनाव भाजपा अपने हिसाब से ही कराएगी जिसमें काफी वक्त लगेगा।

लेकिन केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने संसद में बोलते हुए ये तस्वीर साफ कर दी है कि चुनाव 6 महीने के भीतर ही होगा।उसके पीछे उन्होंने कुछ तर्क दिया।शाह ने कहा कि विपक्ष के नेता बोल रहे है कि एकीकृत निगम का काम ठीक चुनाव के समय क्यों? ये काम 2 साल पहले भी तो किया जा सकता था? इसपर जवाब देते हुए शाह ने कहा कि यदि ऐसा होता तो निगम को भंग करने की ज़रूरत पड़ती।ऐसा करने से जनता द्वारा चुने गए सभी पार्षदों के ऊपर प्रहार होता।वे अपना कार्यकाल पूरा देख सकें उसे ध्यान में रखते हुए ही ये फैसला लिया गया।

शाह ने कहा कि विपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा डर से ऐसा कर रही है। लेकिन सच्चाई तो ये है कि डर हम नहीं बल्कि विपक्ष के लोग डर गए है।ऐसा इसलिए क्योंकि अपने जीत पर जिसे इतना भरोसा है वो तो 6 महीने बाद भी जीतेगा।

उधर संसद से तीनों निगमों के एकीकरण से जुड़े कानून को मंजूरी मिलने के बाद अब इस कानून पर राष्ट्रपति की मुहर लगने का इंतजार है। सूत्र बताते हैं कि इस कानून को इसी सप्ताह में राष्ट्रपति मंजूरी दे सकते हैं। इसके बाद इस कानून को लागू करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा।
समिति में सात सदस्य होंगे और ये सभी ऐसे चेहरे होंगे, जो कि निगम के कामकाज और नियम प्रक्रिया को जानते होंगे। सबसे ऊपर एक वरिष्ठ अधिकारी को विशेष अधिकारी की ज़िम्मेदारी दी जाएगी।

खबर है कि फिलहाल इस कार्य के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। इससे पूर्व भी 1980 के मध्य में निगमों के कामकाज का अधिकार विशेष अधिकारी को दिया गया था। हालांकि सलाहकार समिति का गठन नहीं किया गया था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.