MCD अध्यापकों के लिए महापौर मैडम की नई घोषणा

बजाते रहो न्यूज़

*एमसीडी स्कूलों के 950 से अधिक अध्यापकों को शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए किया जाएगा प्रशिक्षित- डॉ शैली ओबरॉय*

*- मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने करोल बाग में किया अध्यापक शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन*

*- एमसीडी के स्कूलों में बच्चों को शारीरिक शिक्षा व खेलों के प्रति जागरूक करें तो वे आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं- डॉ शैली ओबरॉय*

*-निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे दिल्ली ही नहीं बल्कि भारत का उज्जवल भविष्य हैं- डॉ शैली ओबरॉय*

दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने आज करोलबाग स्थित ओम प्रकाश बाल विकास मंदिर विद्यालय में 15 दिवसीय अध्यापक शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 जुलाई 2023 से 12 अगस्त 2023 चलाया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को योगा, शारीरिक प्रशिक्षण, जुंबा एक्सरसाइज, विभिन्न खेलों के बारे में जानकारी व अन्य सह पाठ्यक्रम गतिविधियां का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि इन गतिविधियों के माध्यम से निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास में मदद मिले।

इस अवसर पर मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि शिक्षा से हमेशा से ही उनका एक विशेष जुड़ाव रहा है। अध्यापक शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम अपने आप में अनूठा कार्यक्रम है। इसके अंतर्गत सामान्य शिक्षकों को शारीरिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का सह पाठ्यक्रम गतिविधियां के माध्यम से सर्वांगीण विकास करने में मदद मिले। दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत 12 जोनों में लगभग 950 से अधिक अध्यापकों को शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पहली कक्षा से पांचवी कक्षा तक के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। ऐसे में यदि हम अभी से बच्चों को शारीरिक शिक्षा व खेलों के प्रति जागरूक करते हैं तो वे आगे चलकर हमारे देश का नाम रोशन कर सकते हैं। निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे दिल्ली ही नहीं भारत का उज्जवल भविष्य हैं। ऐसे में शारीरिक विकास बहुत अहम भूमिका निभाता है। इस भाग दौड़ भरी ज़िंदगी में हम सभी को कुछ न कुछ शारीरिक गतिविधियां करते रहना चाहिए, जिससे हमारा शरीर स्वस्थ बना रहता है।

अतिरिक्त आयुक्त विकास त्रिपाठी ने कहा कि निगम विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की कमी है। जिसे देखते हुए अन्य शिक्षकों को इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से शारीरिक गतिविधियों के बारे में बताया जा रहा है। इससे निगम विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को लाभ मिलेगा। खेलों का हमारे जीवन में एक अहम स्थान होता है जो हमें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद उर्मिला गौतम सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.