मालवीय नगर होटल अग्निकांड: स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने किया दौरा, जांच के निर्देश

नई दिल्ली, 3 जून 2026। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड स्थल का दौरा किया। इस दौरान दक्षिणी ज़ोन के उपायुक्त राकेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान सत्या शर्मा ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी। उन्होंने बताया कि भवन की आयु, स्वामित्व, लाइसेंस की स्थिति तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन से जुड़े सभी दस्तावेज और विवरण एकत्रित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मालवीय नगर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य होटलों की भी व्यापक जांच कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सत्या शर्मा ने कहा कि एमसीडी सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करेगी कि दिल्ली में अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो और इस प्रकार की दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके।