2000 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर रखने के फैसले पर भाजपा शासित एमसीडी को अंकुश नारंग ने घेरा
बोले– कुछ घंटों में फैसला वापस लेना बताता है कि एमसीडी में जनता के हित से ज्यादा सुर्खियां बटोरने पर जोर, कर्मचारियों को मस्टर रोल पर रखने की मांग
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में 2000 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर रखने के फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने मेयर प्रवेश वाही पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले 2000 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर रखने का ऐलान किया गया, फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे ऐतिहासिक फैसला बताया गया और कुछ ही घंटों बाद फैसला वापस ले लिया गया।
अंकुश नारंग ने सवाल उठाया कि आखिर एमसीडी में फैसले जनता के हित में लिए जा रहे हैं या केवल सुर्खियां बटोरने के लिए घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्थायी रोजगार देने के बजाय निजीकरण को बढ़ावा देना चाहती है और इससे सफाई कर्मचारियों तथा गरीब परिवारों के रोजगार पर संकट पैदा हो रहा है।
नारंग ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के रोजगार और सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि 2000 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के बजाय मस्टर रोल पर रखा जाए, ताकि उन्हें सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि ठोस काम और जवाबदेही की जरूरत है। एमसीडी को सफाई कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए रोजगार के संबंध में स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।
