मालवीय नगर अग्निकांड: भाजपा शासित एमसीडी पर AAP का हमला, अधिकारियों के निलंबन की मांग

नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और होटल फ्लोरिस स्टे में हुए भीषण अग्निकांड के बाद एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने भाजपा शासित एमसीडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अंकुश नारंग ने कहा कि लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और होटल फ्लोरिस स्टे को केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति थी, लेकिन वहां कथित रूप से अवैध रूप से 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर में न तो फायर एनओसी थी और न ही फायर एग्जिट जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद थीं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “भाजपा शासित एमसीडी की नाक के नीचे यह सब आखिर किसके संरक्षण में चल रहा था?”

AAP नेता ने कहा कि इतनी बड़ी अनियमितताएं लंबे समय तक जारी रहना संबंधित विभागों और अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने एमसीडी मेयर और निगम आयुक्त से मांग की कि इस मामले से जुड़े अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।

अंकुश नारंग ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी अधिकारियों, होटल संचालकों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और निगरानी तंत्र की विफलता का गंभीर उदाहरण है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें न्याय दिलाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।