कर्दमपुरी में सत्या शर्मा का निरीक्षण, स्वच्छता, नाला निर्माण और अतिक्रमण पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शाहदरा नॉर्थ जोन के कर्दमपुरी वार्ड का व्यापक निरीक्षण कर क्षेत्रीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय पार्षद मुकेश बंसल, जोनल उपायुक्त ममता यादव और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सत्या शर्मा ने वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कार्य नियमित, प्रभावी और तय मानकों के अनुसार किए जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने पंडित राम नारायण वशिष्ठ मार्ग स्थित नाला संख्या-52 का निरीक्षण कर उसकी जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। अधिकारियों को नाले के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और लागत अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वार्ड की गलियों में बने छोटे नालों का निर्माण मानसून से पहले पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

सत्या शर्मा ने स्थानीय पार्षद को आश्वस्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और आवश्यक परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाबरपुर छठ घाट का भी दौरा किया, जहां स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। स्थायी समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए और लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए।

अतिक्रमण की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाते हुए सत्या शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाना आवश्यक है, जिससे लोगों की आवाजाही सुगम हो सके और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी बेहतर ढंग से किया जा सके।

निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कर्दमपुरी वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।