मालवीय नगर अग्निकांड के बाद दिल्लीभर में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान की मांग, सत्या शर्मा ने आयुक्त को लिखा पत्र

नई दिल्ली। मालवीय नगर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर राजधानी में विशेष अग्नि सुरक्षा अनुपालन अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अपने पत्र में सत्या शर्मा ने निर्देश देने का आग्रह किया कि निगम क्षेत्र में आने वाली सभी श्रेणियों की इमारतों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण किया जाए और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन विभाग के सहयोग से ऐसे भवनों की भी पहचान की जाए, जहां अग्नि सुरक्षा उपायों की कमी, अनधिकृत निर्माण अथवा अन्य कारणों से सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने मालवीय नगर अग्निकांड की विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं, जिनमें भवन की स्थिति, स्वामित्व, अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन तथा संभावित लापरवाही शामिल है, की गहन जांच की जानी चाहिए।

सत्या शर्मा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निगम प्रशासन त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

मालवीय नगर अग्निकांड के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगम की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित विशेष अभियान के जरिए राजधानी के भवनों में सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।