सैदुलाजाब बिल्डिंग हादसे और मालवीय नगर अग्निकांड के बाद MCD का बड़ा एक्शन, 53 परिसरों पर सीलिंग कार्रवाई
नई दिल्ली, 5 जून। सैदुलाजाब में हुए बिल्डिंग हादसे और मालवीय नगर के हौज रानी स्थित होटल अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने दक्षिणी क्षेत्र में अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। हादसों के बाद निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है और विभिन्न इलाकों में सीलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को हौज खास विलेज में भी MCD की टीमों ने कार्रवाई की। दक्षिणी जोन के उपायुक्त (DC) राकेश कुमार ने बताया कि सैदुलाजाब वार्ड में 41 परिसरों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं मालवीय नगर के हौज रानी क्षेत्र में संचालित 12 BNB (बेड एंड ब्रेकफास्ट) इकाइयों के खिलाफ भी सीलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
MCD अधिकारियों के अनुसार, हाल के हादसों के बाद भवन सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा मानकों और भवन उपयोग संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच तेज कर दी गई है। निगम का कहना है कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय प्रशासन का दावा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से संचालित परिसरों तथा सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
