नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में राजधानी मेडिकल के पास नहर वाले रोड पर नाले के ऊपर बनाए जा रहे निर्माणाधीन ढांचे का लैंटर अचानक गिर जाने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले के ऊपर लैंटर डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुसार किया जा रहा था, तो निर्माणाधीन लैंटर कैसे गिर गया। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि किसी भी निर्माण कार्य में मजदूरों और आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि घटना की जांच कराई जाए और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
फिलहाल हादसे के कारणों का आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना तकनीकी खामी, निर्माण में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।
