नई दिल्ली, 16 जून 2026। दिल्ली में ओ-ज़ोन और अन्य क्षेत्रों में जारी तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले झुग्गीवासियों को मकान, अनाधिकृत कॉलोनियों को सुविधाएं और लोगों को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद गरीबों और कमजोर वर्गों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।
नाज़िया दानिश ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। एक ओर सरकार जनता को आश्वस्त करती है कि किसी को परेशान नहीं किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर ओ-ज़ोन और अन्य क्षेत्रों में लगातार तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना समुचित पुनर्वास के लोगों को बेघर करना मानवीय दृष्टि से भी उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठकों के बाद सरकार की ओर से दावा किया गया था कि ओ-ज़ोन से जुड़े मामलों का समाधान निकाल लिया गया है और किसी भी दिल्लीवासी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इसके बावजूद यदि तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी है तो यह दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात है।
कांग्रेस नेत्री ने मांग की कि सरकार केवल बयान देने के बजाय ठोस कदम उठाए। उन्होंने ओ-ज़ोन की कॉलोनियों को नियमित करने, तोड़फोड़ पर तत्काल रोक लगाने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए स्पष्ट नीति घोषित करने की मांग की।
नाज़िया दानिश ने कहा कि दिल्ली की जनता जवाब चाहती है कि यदि सरकार ने राहत देने का फैसला किया था तो जमीनी स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं रुकी। उन्होंने मुख्यमंत्री से बैठक के निर्णयों को सार्वजनिक करने और जनता के हित में पारदर्शी एवं संवेदनशील निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि प्रभावी और जनहितकारी निर्णयों से ही संभव है।
