एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने केशवपुरम जोन का किया निरीक्षण, स्वच्छता और मानसून तैयारियों पर दिया जोर

नई दिल्ली, 16 जून। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को केशवपुरम जोन का व्यापक निरीक्षण कर स्वच्छता, विकास कार्यों और मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। 

आयुक्त ने परशुराम चौक और शालीमार गांव चौक स्थित कूड़ा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर नियमित कूड़ा उठान और उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों की लगातार निगरानी की जाए ताकि दोबारा कूड़ा जमा न हो और क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।इसके बाद उन्होंने पीतमपुरा में निर्माणाधीन नए कंपेक्टर स्टेशन का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य के दौरान स्वच्छता एवं रखरखाव के मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता संबंधी परियोजनाओं से स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत पीतमपुरा में बन रही सड़कों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। 

मानसून पूर्व तैयारियों के तहत उन्होंने एसडी ब्लॉक स्थित पंप हाउस और निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। 

अशोक विहार फेज-3 में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत बन रही सड़क का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और विभागीय अधिकारियों की सराहना की।

संजीव खिरवार ने कहा कि एमसीडी राजधानी में स्वच्छता सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डीप क्लीनिंग और विशेष स्वच्छता अभियानों में तेजी लाने, जन शिकायतों के त्वरित समाधान तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। 

उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं, मजबूत स्वच्छता अवसंरचना और प्रभावी विकास परियोजनाओं के माध्यम से दिल्ली के शहरी वातावरण को और अधिक स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।