नई दिल्ली, 15 जून 2026। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य अभियंताओं (सिविल) के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। केंद्रीय स्थापना विभाग द्वारा जारी कार्यालय आदेश के तहत 13 मुख्य अभियंताओं का तबादला और नई तैनाती की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार, के.के. शर्मा को सेंट्रल जोन, स्पेशल प्रोजेक्ट्स (डीईएमएस) और एसएलएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप मल्होत्रा को शाहदरा दक्षिण जोन और सेंट्रल स्टोर, जबकि महेश सिंह निमेश को डीईएमएस मुख्यालय-II और बिल्डिंग मुख्यालय का कार्यभार दिया गया है।
सुरेंद्र सिंह को दक्षिण जोन, एस.एल. बैरवा को केशवपुरम जोन एवं पार्किंग प्रोजेक्ट्स, मनोज कुमार निज्हावन को नरेला जोन तथा बृजेश कुमार को रोहिणी जोन के साथ क्वालिटी कंट्रोल और टेक्निकल लैब मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, रमेश कुमार को शाहदरा उत्तर जोन, अजय कुमार नागपाल को सिटी एसपी जोन, अजय कुमार अग्रवाल को वेस्ट जोन, डीईएमएस मुख्यालय-I और स्पेशल रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स, कुलदीप सिंह को सिविल लाइंस जोन एवं प्लानिंग, हिमांशु शेखर सिंह को नजफगढ़ जोन तथा एस.के. चौहान को करोल बाग जोन में तैनात किया गया है।
एमसीडी प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल इंजीनियरिंग विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक दक्ष बनाने तथा विभिन्न परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है।
