भोलानाथ नगर से शुरू हुआ दिल्ली भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान, हर्ष मल्होत्रा ने लाभार्थियों से किया संवाद

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के तीन दिवसीय घर-घर संपर्क अभियान की शुरुआत गुरुवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष Harsh Malhotra ने फर्श बाजार स्थित भोलानाथ नगर से की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री Narendra Modi सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की। 

अभियान में उनके साथ पूर्व महापौर निर्मल जैन और बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

जनसंपर्क अभियान के दौरान हर्ष मल्होत्रा ने दशकों से भोलानाथ नगर में जूता-चप्पल मरम्मत का काम कर आजीविका चलाने वाले भाई गोविंद से मुलाकात की। बातचीत के दौरान उन्होंने उनसे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संबंध में चर्चा की। यह योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। 

बताया गया कि भाई गोविंद ने योजना के बारे में और जानकारी लेने में रुचि दिखाई। इस पर हर्ष मल्होत्रा ने अपने सहयोगी अमन पांडेय को उन्हें योजना की पूरी जानकारी देने और आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ दिलाने में सहायता करने की जिम्मेदारी सौंपी।

भाजपा का यह विशेष जनसंपर्क अभियान 18 से 20 जून तक दिल्ली के सभी 256 मंडलों में चलाया जाएगा, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और दिल्ली सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता तक पहुंचाएंगे।