नई दिल्ली, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा ने राजधानी के सभी 256 संगठनात्मक मंडलों में सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। पार्टी के सांसद, विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता विभिन्न सरकारी, सामाजिक एवं निजी संस्थाओं द्वारा आयोजित योग शिविरों में शामिल हुए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा के संतुलन का मार्ग है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, अनुशासित और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दुनिया को योग का संदेश दिया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता असोला-भाटी स्थित नीली झील में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उनके साथ मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी तथा विधायक करतार सिंह भी उपस्थित रहे।
सांसद बांसुरी स्वराज ईस्ट किदवई नगर और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल दिव्य योगाश्रम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुईं। दोनों नेताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते कार्य दबाव के दौर में योग महिलाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी उस्मानपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और कहा कि योग स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है। वहीं सांसद प्रवीन खंडेलवाल लाल किला मैदान में आयोजित विशाल योग शिविर में शामिल हुए।दिल्ली सरकार के मंत्री परवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा, आशीष सूद, पंकज सिंह और रविन्द्र इंद्राज सिंह ने भी विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित योग कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों से योग अपनाने की अपील की।
दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा दीनदयाल उपाध्याय उपवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र सिंह, मीडिया सह-प्रमुख संजय मयूख तथा अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है और योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है।
