नई दिल्ली, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम द्वारा डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों और कर्मचारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, मध्य ज़ोन अध्यक्ष योगिता सिंह, निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
योग विशेषज्ञों के निर्देशन में आयोजित सत्र में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से योग आज वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है और दुनिया भर में इसे अपनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान मिलेगा।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति की इस धरोहर को विश्वभर में स्वीकार किया जा रहा है और नागरिकों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित योगाभ्यास अपनाना चाहिए।
निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।दिल्ली नगर निगम ने कहा कि वह योग के प्रचार-प्रसार और नागरिकों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
