नई दिल्ली। मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने दिल्ली को अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधु, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा संबंधित विभागों को एक विस्तृत पत्र लिखकर राजधानी में फुटपाथों, सार्वजनिक सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
अपने पत्र में मनोज कुमार जैन ने कहा कि दिल्ली के अनेक क्षेत्रों में फुटपाथों पर अवैध कब्जे, अनधिकृत निर्माण, अवैध पार्किंग और असंगठित अतिक्रमण आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहे हैं। इसके चलते वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित आवागमन चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण न केवल कानून व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि जनसुरक्षा, आधारभूत ढांचे और पर्यावरण के लिए भी खतरा पैदा करते हैं।
न्होंने पूरे दिल्ली में विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने, फुटपाथों को आम नागरिकों के लिए पूरी तरह मुक्त कराने, अवैध निर्माणों की पहचान कर उन्हें हटाने, आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा लापरवाह अधिकारियों और अतिक्रमणकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मनोज कुमार जैन ने बताया कि इस पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मंत्री प्रवेश वर्मा, महापौर प्रवेश वाही एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा, डीडीए उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार, मुख्य सचिव राजीव वर्मा तथा शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव विजय कुमार बिधूड़ी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और इसे स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित तथा नागरिकों के लिए सुगम बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर उन्होंने संबंधित विभागों से शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
