वार्ड 87 के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अंकुश नारंग ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

नई दिल्ली। वार्ड 87 के विकास कार्यों को गति देने और क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने नगर निगम (एमसीडी) के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में इंजीनियरिंग, डीईएमएस (स्वच्छता), हॉर्टिकल्चर, लाइसेंसिंग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अंकुश नारंग ने कहा कि वार्ड 87 के नागरिकों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, सुव्यवस्थित पार्क, बेहतर सफाई व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में समन्वय बनाकर काम करने और जनता की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था में सुधार, हरित क्षेत्रों के विकास तथा अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

अंकुश नारंग ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से वार्ड 87 में विकास कार्यों में और तेजी आएगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।