दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात गैंगस्टर शबीर अली उर्फ शबीर चौधरी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 26 जून। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (एनडीआर) ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली और ट्रांस-यमुना क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट के सरगना शबीर अली उर्फ शबीर चौधरी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अप्रैल 2025 से स्पेशल सेल के एक एमसीओसीए (MCOCA) मामले में फरार चल रहा था।

डीसीपी स्पेशल सेल (एनडीआर) प्रवीण कुमार त्रिपाठी (आईपीएस) ने बताया कि इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौर्य और इंस्पेक्टर नीतू कुमार के नेतृत्व में, एसीपी आशीष कुमार की निगरानी में गठित टीम ने विश्वसनीय मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 14 जून 2026 को हरियाणा के शंभू बॉर्डर से शबीर को गिरफ्तार किया और दिल्ली लाया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक XUV-700 कार और एक स्कूटी बरामद की है।

गैंग का नेटवर्क नेपाल और दुबई तक

जांच में सामने आया है कि शबीर चौधरी-हाशिम बाबा-अनवर चाचा संगठित अपराध सिंडिकेट उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर, भजनपुरा, मौजपुर, शाहदरा सहित उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। गिरोह पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध कब्जा और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्य नेपाल और दुबई से भी अपना नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 9 सदस्य

स्पेशल सेल ने बताया कि इस एमसीओसीए मामले में अब तक गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें हाशिम बाबा, अनवर खान उर्फ चाचा, जोया खान, समीर उर्फ बाबा, सलीम अहमद उर्फ सलीम पिस्टल, हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल और इलियास सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।

14 आपराधिक मामलों में शामिल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शबीर अली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और 1990 के दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वर्ष 2008 में अपने भाई शमीम अहमद की हत्या के बाद उसने अपराध की गतिविधियां और तेज कर दी थीं। जेल में रहने के दौरान उसकी नजदीकियां कई कुख्यात अपराधियों से हुईं। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, हथियार अधिनियम और एमसीओसीए सहित 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि शबीर की गिरफ्तारी से उत्तर-पूर्वी दिल्ली और ट्रांस-यमुना क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार हुआ है और गिरोह के शेष सदस्यों की तलाश जारी है।