केशवपुरम की आग पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश का हमला, बोलीं— “राजधानी में लोगों की जान भगवान भरोसे, सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल”

नई दिल्ली। केशवपुरम थाना क्षेत्र के B-4 ब्लॉक स्थित फ्लैटों में बिजली के मीटरों में लगी भीषण आग की घटना पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गहरी चिंता जताते हुए दिल्ली सरकार, एमसीडी और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस हादसे में आग और धुएं के कारण बिल्डिंग में रहने वाले 50 से अधिक लोग फंस गए थे। बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता मीटरों में लगी आग की चपेट में आने से कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए छत पर शरण लेनी पड़ी।

नाज़िया दानिश ने कहा कि यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति का आईना है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दमकल विभाग मौके पर नहीं पहुंचता तो यह दुर्घटना बड़े जनहानि का कारण बन सकती थी।उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि बिल्डिंग का एकमात्र निकास मार्ग वहीं था, जहां बिजली के मीटर लगाए गए थे। ऐसी व्यवस्था किसी भी सुरक्षा मानक के अनुरूप नहीं मानी जा सकती। उन्होंने सवाल उठाया कि संबंधित विभागों ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कब किया था और इतनी बड़ी खामी के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

नाज़िया दानिश ने मांग की कि इस पूरे मामले की न्यायिक या उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाए तथा जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।उन्होंने यह भी मांग की कि दिल्ली की सभी बहुमंजिला आवासीय इमारतों का फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, आवश्यक सहायता और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

नाज़िया दानिश ने कहा कि राजधानी के नागरिकों को सुरक्षित जीवन देना सरकार और प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी रही तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की सुरक्षा से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित कराने की मांग करती रहेगी।