केशवपुरम में मीटरों में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, 50 से अधिक लोग बिल्डिंग में फंसे; नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग बोले— “यह हादसा नहीं, सिस्टम की लापरवाही का नतीजा”

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र स्थित B-4 ब्लॉक के फ्लैटों में रविवार को बिजली के मीटरों में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग में रहने वाले 50 से अधिक लोग अपने घरों में फंस गए। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता वहीं था, जहां बिजली के मीटर लगे हुए थे। आग और धुएं ने पूरे निकास मार्ग को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चलते लोग बाहर नहीं निकल सके और कई परिवार अपनी जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं MCD में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया।अंकुश नारंग ने कहा कि यह केवल एक आग की घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान से लोगों को बाहर निकलना था, वहीं बड़ी संख्या में बिजली के मीटर लगाए गए थे। यदि समय पर राहत एवं बचाव कार्य नहीं होता तो यह हादसा कई परिवारों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बहुमंजिला इमारतों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन कराने और उनकी नियमित जांच करने में संबंधित एजेंसियां पूरी तरह विफल दिखाई दे रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी इमारतों का कभी सुरक्षा ऑडिट किया गया था और यदि किया गया था तो इतनी गंभीर खामियां कैसे नजरअंदाज कर दी गईं?

अंकुश नारंग ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए, दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाए तथा दिल्ली की सभी बहुमंजिला आवासीय इमारतों का तत्काल फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट कराया जाए।उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों की जान किसी भी व्यवस्था से अधिक महत्वपूर्ण है। सरकार और संबंधित विभागों को केवल हादसों के बाद सक्रिय होने के बजाय पहले से ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अंकुश नारंग ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी उनके साथ खड़ी है और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर नागरिक को सुरक्षित आवास और मजबूत अग्नि सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार और स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।