न्यू उस्मानपुर की अवैध पार्किंग पर एमसीडी का बड़ा प्रहार

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अधिकारियों को लगाई फटकार

नई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर में लंबे समय से सड़कों पर कब्जा जमाकर चल रही अवैध पार्किंग के खिलाफ आखिरकार दिल्ली नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा के औचक निरीक्षण से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी देखकर उन्होंने निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों तथा बिना अनुमति संचालित पार्किंग की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सत्या शर्मा ने स्पष्ट कहा कि राजधानी की सड़कों को किसी भी कीमत पर पार्किंग माफिया के हवाले नहीं छोड़ा जाएगा। उनके निर्देश के बाद निगम अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाना शुरू किया और संबंधित लोगों को चेतावनी दी।

सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि नियमित अभियान चलाकर अवैध पार्किंग के पूरे नेटवर्क को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग के कारण जाम, दुर्घटनाओं का खतरा और आम नागरिकों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं, जिसे अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम नागरिकों की सुविधा और कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से चलाया जाए ताकि अवैध पार्किंग पर स्थायी रोक लग सके।