कठपुतली कॉलोनी के लोगों के साथ भाजपा सरकार का सबसे बड़ा विश्वासघात, 10 साल से टिन के डिब्बों में कैद हैं हजारों परिवार: नाज़िया दानिश
नई दिल्ली। कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने कठपुतली कॉलोनी पुनर्वास परियोजना में लगातार हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और परियोजना से जुड़े अधिकारियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों और कलाकारों के सपनों को कुचल दिया है। जिन परिवारों से दो साल में पक्का घर देने का वादा किया गया था, उन्हें आज लगभग 10 वर्षों से टिन के अस्थायी केबिनों में नारकीय जीवन जीने के लिए छोड़ दिया गया है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि भाजपा सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों में विकास का ढोल पीटती है, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि कठपुतली कॉलोनी के हजारों परिवार आज भी अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हैं। भीषण गर्मी में टिन के केबिन भट्ठी बन जाते हैं, पीने के पानी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, लेकिन सरकार को इन गरीब परिवारों की पीड़ा दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य में देरी नहीं, बल्कि गरीबों, कलाकारों और मेहनतकश परिवारों के साथ किया गया राजनीतिक छल और प्रशासनिक विफलता है। बार-बार समय-सीमा बढ़ाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार के पास न इच्छाशक्ति है और न ही जवाबदेही।नाज़िया दानिश ने सवाल उठाया कि जब परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी पर वित्तीय अनियमितताओं और जांच एजेंसियों की कार्रवाई की खबरें सामने आ चुकी हैं, तब भी सरकार आखिर किसे बचाने में लगी है? परियोजना में देरी से हुए नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या भाजपा सरकार इन परिवारों के बर्बाद हुए दस साल वापस कर सकती है?
उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार ने गरीबों के सिर से छत छीनकर उन्हें वादों के सहारे छोड़ दिया है। यह विकास नहीं, बल्कि गरीबों के साथ क्रूर मज़ाक है। जिन कलाकारों ने दुनिया भर में भारत की संस्कृति का सम्मान बढ़ाया, आज वही कलाकार अपने ही देश में सम्मानजनक आवास के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।”
नाज़िया दानिश ने मांग की कि परियोजना की देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ जवाबदेही तय की जाए, निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर सभी पात्र परिवारों को तत्काल फ्लैट सौंपे जाएं तथा जब तक पुनर्वास नहीं हो जाता, तब तक ट्रांजिट कैंपों में रहने वाले लोगों को सम्मानजनक जीवन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी कठपुतली कॉलोनी के प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर सड़कों पर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी और गरीबों के अधिकार की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी।
