शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने किया व्यापक निरीक्षण

नई दिल्ली, 30 जून। दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न विकास परियोजनाओं, बाजारों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने और क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत विश्वास नगर स्थित पुराने जोनल भवन से हुई, जहां निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उनके साथ शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के उपायुक्त वैरोकपम पुनशीबा सिंह सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इसके बाद आयुक्त ने कड़कड़डूमा मार्केट का दौरा कर अधिकारियों को बाजार के समग्र पुनर्विकास के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना में सड़क, स्ट्रीट लाइट, सीवर नेटवर्क, जल निकासी, हरित पट्टियां, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को एकीकृत रूप से शामिल किया जाए, ताकि बाजार आधुनिक, व्यवस्थित और व्यापारियों व नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बन सके।

आनंद विहार स्थित ऋषभ विहार मार्केट के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने नागरिक सुविधाओं का आकलन किया और आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के अंतिम चरण में आयुक्त ने कड़कड़ी मोड़ स्थित सी एंड डी (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वैकल्पिक स्थल उपलब्ध होने तक वर्तमान साइट का संचालन सभी पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। साथ ही स्वच्छता, धूल नियंत्रण, सुरक्षा और अपशिष्ट प्रबंधन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का लक्ष्य राजधानी के नागरिकों को बेहतर, आधुनिक और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उनके प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इस निरीक्षण को शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बाजारों के आधुनिकीकरण और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।