शाहदरा की सफाई व्यवस्था को मिली ऐतिहासिक मजबूती, 76 आधुनिक स्वच्छता संसाधन हुए शामिल

नई दिल्ली, 30 जून। दिल्ली नगर निगम ने राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शाहदरा उत्तर एवं शाहदरा दक्षिण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को 76 नए आधुनिक स्वच्छता संसाधनों की सौगात दी। शास्त्री पार्क स्थित महावीर स्वामी पार्क में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इन संसाधनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

शाहदरा उत्तर क्षेत्र को 52 तथा शाहदरा दक्षिण क्षेत्र को 24 आधुनिक स्वच्छता वाहन एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें टिपर, हुक लोडर, बैटरी रिक्शा, मिनी आरसी और मिनी डम्पर शामिल हैं। इन संसाधनों के संचालन से संकरी गलियों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और दुर्गम स्थानों तक नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित होगी, जिससे कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था पहले से अधिक तेज और व्यवस्थित होगी।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली का संकल्प केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत संसाधनों और कर्मठ सफाई कर्मचारियों के समर्पण से पूरा होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार नगर निगम को लगातार आवश्यक संसाधन और वित्तीय सहयोग उपलब्ध करा रही है, ताकि राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में उच्च स्तर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छ दिल्ली अभियान का वास्तविक नायक बताया।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आधुनिक स्वच्छता संसाधनों के जुड़ने से नगर निगम की कार्यक्षमता और बढ़ेगी तथा हर गली, हर मोहल्ले और हर वार्ड तक बेहतर सफाई व्यवस्था पहुंच सकेगी। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर निगम लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। नए स्वच्छता वाहनों के शामिल होने से सफाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी और लोगों को अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नगर निगम की कार्यप्रणाली में व्यापक सकारात्मक बदलाव आया है। कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है, आधुनिक संसाधनों में लगातार वृद्धि हो रही है और वर्ष 2027 तक दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने के लक्ष्य पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

 

समारोह के दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में भी एक सराहनीय पहल देखने को मिली। आईडीबीआई बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत दिल्ली नगर निगम के 21 विद्यालयों को 21 वाटर कूलर भेंट किए, जिससे हजारों विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी।

नगर निगम ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक संसाधनों, कर्मचारियों की मेहनत और जनसहभागिता के बल पर दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और कूड़ा-मुक्त राजधानी बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही साकार होगा।