नई दिल्ली, 30 जून। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में प्लंबिंग का काम कर रहे एक युवक की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वारका स्थित रॉसवुड अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल पर एक प्लंबर मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि आवश्यक हुआ तो संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जाएगी।
