राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस: मानवता के सच्चे प्रहरी हैं डॉक्टर, उनके समर्पण को राष्ट्र का नमन – मनोज कुमार जैन

नई दिल्ली, 1 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पार्षद मनोज कुमार जैन ने देशभर के चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को नई ऊर्जा और जीवन का विश्वास भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी डॉक्टर अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और मानवता के साथ करते हैं। उनका त्याग, सेवा भाव और अथक परिश्रम करोड़ों लोगों के जीवन में आशा का संचार करता है।

मनोज कुमार जैन ने कहा, “जहाँ सेवा ही धर्म हो, वहाँ डॉक्टर मानवता के सच्चे प्रहरी होते हैं। उनका समर्पण और करुणा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”उन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सभी चिकित्सकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके अमूल्य योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने सभी डॉक्टरों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि चिकित्सा जगत की निस्वार्थ सेवा मानवता के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।