नई दिल्ली, 1 जुलाई। मनोनीत पार्षद मनोज कुमार जैन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के अंतर्गत अपने बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के साथ अपना मतदाता सत्यापन पूरा किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान इसी उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
मनोज कुमार जैन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जब भी उनके क्षेत्र में बीएलओ सत्यापन के लिए आएं, तो आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सही मतदाता सूची निष्पक्ष और सशक्त चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। जागरूक नागरिक के रूप में प्रत्येक मतदाता का दायित्व है कि वह अपने मतदाता विवरण का समय पर सत्यापन कराए और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
मनोज कुमार जैन ने कहा कि मतदाता सत्यापन केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण प्रयास को सफल बनाने का आह्वान किया।
