आठ साल से धूल फांक रहीं 75 ईवी गाड़ियां, AAP ने भाजपा मेयर से मांगा जवाब

नई दिल्ली, 2 जुलाई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय में वर्षों से खड़ी 75 इलेक्ट्रिक गाड़ियों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि 2017 में भाजपा शासित निगम द्वारा खरीदी गई या अनुबंध पर ली गई ये गाड़ियां पिछले आठ वर्षों से इस्तेमाल ही नहीं हुईं।

अंकुश नारंग ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) नीति का प्रचार करती है, वहीं दूसरी ओर एमसीडी के सिविक सेंटर के बेसमेंट में करोड़ों रुपये की 75 इलेक्ट्रिक गाड़ियां धूल फांक रही हैं। उनका दावा है कि इन वाहनों का जितना किराया अब तक चुकाया जा चुका है, वह उनकी वास्तविक कीमत से भी अधिक हो चुका है।

उन्होंने भाजपा मेयर प्रवेश वाही से सवाल किया कि जिन अधिकारियों और तत्कालीन भाजपा महापौर के कार्यकाल में इन वाहनों की खरीद या लीज हुई, क्या उनके खिलाफ जांच और कार्रवाई की जाएगी? नारंग ने आरोप लगाया कि यह मामला भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।नारंग ने कहा कि यदि वर्तमान महापौर ने जांच की बात कही है, तो दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।