अमित शाह देश को बताएं, राम मंदिर के दर्शन करने क्यों नहीं गए?- दुर्गेश पाठक
भाजपाइयों के लिए भगवान श्री राम और सनातन धर्म सिर्फ वोट बटोरने का एक जरिया है- अंकुश नारंग
नई दिल्ली, 02 जुलाई ।आम आदमी पार्टी ने आजतक अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए भाजपा में नंबर दो के नेता और देश के गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साध है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि अमित शाह को देश को बताना चाहिए कि राम मंदिर निर्माण के बाद से आज तक वह रामलला के दर्शन करने क्यों नहीं गए? उन्होंने कहा कि देशवासी तो अमित शाह को सबसे बड़ा राम भक्त मानते थे। वह हर चुनाव में भगवान राम के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन सच तो ये है कि उनकी आस्था भगवान राम में है ही नहीं।

“आप” के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि पूरे देश में भगवान राम के नाम पर वोट मांगने वाले अमित शाह की बातें सुनकर ऐसा लगता है कि पृथ्वी पर उनसे ज्यादा भगवान राम में आस्था रखने वाला कोई व्यक्ति है ही नहीं। लेकिन सच्चाई यह है कि राम मंदिर बनने के बाद से आज तक वह कभी दर्शन करने नहीं गए। अगर अमित शाह की भगवान राम में इतनी ही आस्था है और वह दिन भर उनके नाम पर वोट मांगते हैं, तो वह मंदिर दर्शन करने क्यों नहीं गए? इसका सीधा मतलब यह है कि वह केवल राजनीतिक फायदे के लिए भगवान राम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन वास्तव में उनका भगवान राम में कोई भरोसा नहीं है। अमित शाह को सार्वजनिक रूप से आकर यह बताना चाहिए कि वे आज तक भगवान राम के मंदिर दर्शन करने क्यों नहीं गए।
उधर, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में भगवान श्री राम और सनातन धर्म के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन अमित शाह आज तक एक बार भी श्री राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए। अमित शाह ने हजारों बार राम मंदिर के नाम पर वोट मांगे और रामलला ने उन्हें अपने नाम पर चुनाव जितवाए, लेकिन खुद को सनातनी कहने वाले अमित शाह एक बार भी राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए। अमित शाह और भाजपाइयों के लिए सनातन धर्म और राम मंदिर सिर्फ एक दिखावा है तथा भगवान श्री राम और सनातन धर्म उनके लिए वोट बटोरने का एक जरिया है।
