जगतपुरी पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस, पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 2 जुलाई। शाहदरा जिले के जगतपुरी थाना पुलिस ने महज कुछ घंटों में एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पत्नी ने घरेलू विवाद के दौरान दुपट्टे से गला घोंटकर अपने 20 वर्षीय पति की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 3:52 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि रशीद मार्केट में एक महिला अपने पति का गला घोंट रही है। सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मुस्तकीम उर्फ साहिल (20) अचेत अवस्था में मिला, जिसे तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां की शिकायत पर जगतपुरी थाने में एफआईआर संख्या 264/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह को सौंपी गई।मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और गवाहों से पूछताछ की। लगातार पूछताछ में मृतक की पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति उस पर विवाहेतर संबंध होने का शक करता था। घटना वाली रात उसने उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांचना शुरू कर दिया, जिससे दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। गुस्से में उसने पति के सीने पर बैठकर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

घटना के तुरंत बाद जब मृतक की मां कमरे में पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गई और गिरफ्तारी से बचने के लिए एक गुरुद्वारे में छिप गई। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा बरामद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी महिला की उम्र 20 वर्ष है और वह रशीद मार्केट क्षेत्र की रहने वाली है।

शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का कुछ ही घंटों में सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।