राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर नाज़िया दानिश का हमला, कहा- ‘आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं’
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसियों को यह आशंका है कि श्रद्धालुओं के चढ़ावे में प्रतिदिन लाखों रुपये की हेराफेरी की गई, तो यह केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था के साथ विश्वासघात है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि जांच में सामने आए बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, कथित खुलासे से पहले मंदिर के खातों में प्रतिदिन औसतन 16 से 18 लाख रुपये जमा हो रहे थे, जबकि मामला सामने आने के बाद यह राशि बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई। यदि जांच में प्रतिदिन 6 से 8 लाख रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है, तो इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर मिलने वाले चढ़ावे में किसी भी तरह की गड़बड़ी अक्षम्य है। सरकार और संबंधित ट्रस्ट को पूरे मामले में पारदर्शिता बरतनी चाहिए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हो।
नाज़िया दानिश ने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है और लोग पहले की तरह श्रद्धापूर्वक दान कर रहे हैं। इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि दान की एक-एक राशि का सही उपयोग हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
