आईटीओ-आईपी एस्टेट में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़, दो बदमाश गिरफ्तार; संगठित अपराध की धारा 112 BNS लगाई गई
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने आईटीओ-आईपी एस्टेट इलाके में सक्रिय एक संगठित मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ (26) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश और तारिक उर्फ दानिश (22) निवासी शास्त्री पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में गिरोह की सुनियोजित गतिविधियों को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (संगठित अपराध) भी लागू की गई है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को ग्वालियर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह रैपिडो बाइक से आईटीओ स्थित आईपी फ्लाईओवर के पास कश्मीरी गेट की ओर जा रहा था, तभी काली मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उसका वनप्लस नॉर्ड-4 मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में आईपी एस्टेट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि करीब एक घंटे के भीतर आईटीओ-आईपी एस्टेट क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की चार वारदातें हुई थीं। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने 750 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पुलिस टीम ने 1 जुलाई को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से आरोपी आसिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी शाहरुख के साथ वारदात करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर जाकिर नगर से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
आगे की जांच में खुलासा हुआ कि तारिक उर्फ दानिश चोरी की मोटरसाइकिलों की व्यवस्था करता था, लूटे गए मोबाइल फोन ठिकाने लगाने में मदद करता था और गिरोह को पुलिस से बचने में सहयोग देता था। इसके बाद 2 जुलाई को उसे शास्त्री पार्क से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह में प्रत्येक सदस्य की भूमिका पहले से तय थी। शाहरुख बाइक चलाता था, जबकि पीछे बैठा आसिफ राह चलते लोगों से मोबाइल छीनता था। चोरी के मोबाइल अर्जुन नामक रिसीवर के जरिए बेचे जाते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम का भी बंटवारा तय था—आसिफ और शाहरुख को 40-40 प्रतिशत, तारिक को 15 प्रतिशत और रिसीवर अर्जुन को 5 प्रतिशत हिस्सा मिलता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आसिफ आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में मोबाइल स्नैचिंग, लूट, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के 23 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी शाहरुख और मोबाइल रिसीवर अर्जुन की तलाश जारी है। साथ ही छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
