नई दिल्ली, 7 जुलाई।दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को दक्षिणी दिल्ली के कटवारिया सराय, बेर सराय, डियर पार्क और एकता कैंप का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और गहन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्वच्छता कर्मचारियों और अधिकारियों को नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठाने तथा पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखे जा सकें।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने कटवारिया सराय और डियर पार्क स्थित ढलावों पर दो-दो फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे कचरा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सके।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सड़क किनारे नालियों का निरीक्षण किया और अभियंत्रण व स्वच्छता विभाग को समयबद्ध तरीके से सिल्ट हटाने तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न हो।
संजीव खिरवार ने कहा कि एमसीडी की प्राथमिकता स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, नालों को अवरोधमुक्त रखना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में धरातल पर स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एकता कैंप में निर्माणाधीन कन्वीनियंस सेंटर का भी जायजा लिया। लगभग 150 वर्ग गज में बन रहे इस केंद्र में शौचालय, स्नानघर और लॉन्ड्री स्टेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
