दिल्ली में ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान’ का शुभारंभ, मेयर प्रवेश वाही ने नागरिकों से जुड़ने की अपील

नई दिल्ली। दिल्ली को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आर.के. पुरम स्थित सेंट्रल पार्क में ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 300 नई इलेक्ट्रिक बसों सहित विभिन्न जनहित एवं विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ दिल्ली के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित यह पहल पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मेयर प्रवेश वाही ने दिल्लीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि अब ऑनलाइन स्लॉट बुक कर कोई भी नागरिक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का हिस्सा बन सकता है। उन्होंने सभी से पौधारोपण कर हरित, स्वच्छ एवं विकसित दिल्ली के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।