20 मिनट की बारिश में डूबी दिल्ली, भाजपा सरकार और MCD पर नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग का हमला

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने संगम विहार के पास वजीराबाद जगतपुर क्षेत्र में हुई जलभराव की घटना को लेकर भाजपा सरकार और भाजपा शासित एमसीडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महज़ 20 मिनट की बारिश ने भाजपा के मानसून तैयारियों और नालों की सफाई के सभी दावों की पोल खोल दी।

 

अंकुश नारंग ने कहा कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर साल मानसून से पहले नालों और नालियों की सफाई के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पहली ही बारिश में उन दावों की हकीकत सामने आ जाती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की बैठकों में कागज़ों पर नालों की सफाई पूरी दिखा दी जाती है, जबकि ज़मीनी स्तर पर हालात बद से बदतर हैं। अगर समय रहते नालों की प्रभावी सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की गई होती, तो लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

अंकुश नारंग ने सवाल उठाया कि जब हर साल नालों की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, तो आखिर महज़ 20 मिनट की बारिश में ही दिल्ली की सड़कें पानी में क्यों डूब जाती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को झूठे दावे नहीं, बल्कि जलभराव से स्थायी राहत और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही चाहिए।