दिल्ली में जल भराव पर ‘‘आप’’ का हमला, सब जगह से बह रहा भाजपा सरकार का विकास

अभी सड़क बनी थी, अभी पैसा बहाया, अब पानी और भाजपा सरकार की इज्ज़त सब बह रही है- सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 09 जुलाई ।पिछली साल की तरह इस बार भी देश की राजधानी दिल्ली जरा सी बारिश में डूब रही है। गुरुवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भारी जल भराव की तश्वीरें और वीडियो सोेशल मीडिया पर वायरल होने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर तीखा हमला बोला। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में सब जगह से विकास बह रहा है। उन्होंने हाल ही में बनी एक सड़क का वीडियो साझा कर कहा कि अभी सड़क बनी थी। अभी सरकार ने पैसा बहाया था। अब सड़क पर पानी और भाजपा सरकार की इज्ज़त सब बह रही है। इस बार तो एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार दिल्ली का सदर बाजार भी डूब गया।

कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में रेखा गुप्ता की सरकार है और चारों इंजन भाजपा के पास हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चार एजेंसियां नालों को संभालती हैं। पहली एजेंसी पीडब्ल्यूडी विभाग है, जिसके पास दिल्ली की बड़ी सड़कों के बड़े नाले हैं। दूसरा बड़ा विभाग एमसीडी है, जिसके पास शहर के अंदर की छोटी नालियां और कुछ बड़े नाले हैं। तीसरा विभाग दिल्ली का बाढ़ एवं सिंचाई विभाग है, जिसके पास शाहदरा से होकर गुजरने वाली बड़ी ड्रेन है जिसमें सारी नालियां मिलती हैं। और चौथा विभाग डीडीए है, जिसके पास भी नाले हैं। उन्होंने कहा कि ये चारों एजेंसियां रेखा गुप्ता के पास हैं। इसलिए अब वे बहाने नहीं बना सकती हैं। उन्होंने बहुत बहाने बना लिए हैं, लेकिन अब वे बहाने नहीं बना पाएंगी। वे कब तक जिम्मेदारी से भागेंगी? अब तो उन्हें जिम्मेदारी लेनी ही होगी।

कुलदीप कुमार ने कहा कि रेखा गुप्ता के चारों विभागों ने गलत रिपोर्ट सबमिट की और पैसे खाए हैं। यह एक बड़ा घोटाला है। दिल्ली के अंदर नालों की सफाई और गाद उठाने में एक बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। अगर इसकी जांच होगी, तो स्वास्थ्य विभाग की तरह ही दिल्ली में गाद उठाने का भी एक बड़ा घोटाला सामने आएगा। सीएम रेखा गुप्ता अब जिम्मेदारी से नहीं भाग पाएंगी। अब उनकी चार इंजन की सरकार है और दिल्ली डूब रही है। दिल्ली के अंदर सड़कों पर पानी भरा है। लोगों के फ्लैटों, अपार्टमेंटों, गलियों और झुग्गियों में पानी घुस रहा है। भाजपा के विधायक, उनकी सरकार और वे खुद जिम्मेदारी से भाग रही हैं। लेकिन वे भाग नहीं पाएंगी, क्योंकि दिल्ली वाले उन्हें छोड़ेंगे नहीं।

वहीं, “आप” के वरिष्ठ नेता व एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में महज दो दिन की बारिश ने भाजपा की चार इंजन सरकार के तमाम दावों की पोल खोल दी है। लक्ष्मी नगर की मुख्य सड़क घुटनों तक पानी में डूबी हुई है। आम नागरिक, दुकानदार, स्कूली बच्चे और रोज़ाना आने-जाने वाले लोग भारी परेशानी झेलने को मजबूर हैं। क्या यही भाजपा की तथाकथित डबल नहीं, चार इंजन वाली व्यवस्था है? अगर हर बारिश में दिल्ली की सड़कें तालाब बन जाएँ, तो करोड़ों रुपए की तैयारियों और दावों का हिसाब कौन देगा? दिल्ली के कई इलाकों में लगातार जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।

अंकुश नारंग ने एक अन्य एक्स पोस्ट में कहा कि विनोद नगर की गलियों में भाजपा विधायक रविन्द्र नेगी का तथाकथित विकास सड़कों पर बहता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। एनएच-24 पर नाव चलाने वाली रीलें तो खूब बन गईं, अब जरा विनोद नगर की गलियों में भी आकर एक रील बना लीजिए, ताकि जनता भी आपके विकास मॉडल का सच देख सके। भाजपा की सरकार में विकास नहीं, सिर्फ भ्रष्टाचार और खोखले प्रचार की रीलें चल रही हैं। जनता जलभराव, बदहाल सड़कों और बदइंतजामी से परेशान है, लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधि कैमरे के सामने ही नजर आते हैं, जमीन पर नहीं।