राजीव नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, जलभराव पर सख्त निर्देश; बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता

नई दिल्ली।दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने शनिवार को बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत राजीव नगर ए-ब्लॉक, राजीव नगर हेरिटेज रोड और राजीव नगर एमसीडी स्कूल रोड का निरीक्षण कर क्षेत्र में चल रहे पुलियों के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। जय भगवान यादव वर्तमान में एमसीडी में नेता सदन और स्थायी समिति के सदस्य हैं। 

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर अव्यवस्था और जलभराव की स्थिति सामने आने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए तथा जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जय भगवान यादव ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी बच्चे, स्थानीय निवासी या राहगीर को असुविधा का सामना न करना पड़े और सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जाए।

इस अवसर पर जगबीर प्रधान, सीताराम गर्ग, रजनीश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। जय भगवान यादव ने कहा कि जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।