नई दिल्ली। एमसीडी के शाहदरा नॉर्थ जोन में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के चुनाव से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भाजपा ने झिलमिल वार्ड के पार्षद पंकज लूथरा को चेयरमैन और सभापुर वार्ड के पार्षद बृजेश सिंह को डिप्टी चेयरमैन पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
जोन में भाजपा के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अब मुकाबले से ज्यादा नजरें शपथ ग्रहण की तारीख पर हैं। हालांकि अंतिम फैसला चुनाव के नतीजे ही करेंगे।
दो बार के पार्षद पंकज लूथरा को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि बृजेश सिंह को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शाहदरा नॉर्थ में भाजपा पूरी तैयारी के साथ मैदान में है।
अब सबकी निगाहें वार्ड कमेटी के चुनाव पर टिकी हैं। यदि राजनीतिक समीकरण नहीं बदले, तो भाजपा के दोनों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। फिलहाल शाहदरा नॉर्थ में सबसे ज्यादा चर्चा कुर्सियों की है और सबसे कम चिंता चुनावी गणित की।
