‘भाजपा में वफादारी नहीं, दलबदल का रिटर्न गिफ्ट मिलता है’ : अंकुश नारंग

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने वार्ड कमेटियों के चुनाव में भाजपा द्वारा दूसरी पार्टियों से आए पार्षदों को अहम पद दिए जाने पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने ही वर्षों पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दलबदल करने वालों को चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और स्थायी समिति जैसे महत्वपूर्ण पद सौंप दिए हैं।

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा का नया राजनीतिक मॉडल साफ दिखाई दे रहा है— “वफादारी का नहीं, दलबदल का सम्मान होता है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्षों तक पार्टी का झंडा उठाने वाले कार्यकर्ता आज किनारे खड़े हैं, जबकि दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को “रिटर्न गिफ्ट” के तौर पर बड़ी जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने पुराने कार्यकर्ताओं को जवाब देना चाहिए कि वर्षों की मेहनत और निष्ठा का मूल्य क्या है। अगर पदों का पुरस्कार केवल दल बदलने वालों के लिए है, तो यह उन हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया।

नारंग ने कहा कि एमसीडी की वार्ड कमेटियों के चुनाव ने भाजपा की अंदरूनी राजनीति को उजागर कर दिया है। अब सवाल यह है कि पार्टी में सम्मान और जिम्मेदारी का आधार समर्पण है या फिर राजनीतिक सुविधा।