मिशन शक्ति की योजनाओं की जानकारी लेकर महिलाओं को किया जागरूक: मनोनीत पार्षद मनोज जैन

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों व उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी होना आवश्यक है। मनोज जैन दिल्ली नगर निगम के मनोनीत पार्षद हैं और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘संकल्प – हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन’ के तहत संचालित मिशन शक्ति में महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक योजनाएं शामिल हैं। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन (181), प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन, सखी निवास तथा पालना जैसी योजनाएं प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहयोग, कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास तथा बच्चों की डे-केयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

मनोज जैन ने महिलाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए अपने संबंधित जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय से संपर्क करें।