मोदी सरकार ने बदली दिल्ली की रफ्तार, एक्सप्रेसवे नेटवर्क से राजधानी को मिली नई पहचान : हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली की सड़क कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। पिछले वर्षों में तैयार किए गए आधुनिक एक्सप्रेसवे और संपर्क मार्गों ने दिल्ली की यातायात व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव लाते हुए लाखों लोगों की रोजमर्रा की यात्रा को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया है।

उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे, अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2), दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने न केवल राजधानी और एनसीआर के बीच संपर्क को मजबूत किया है, बल्कि जाम की समस्या कम करने, यात्रा का समय घटाने और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहे विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क से दिल्ली की पहचान एक आधुनिक और बेहतर कनेक्टिविटी वाले महानगर के रूप में मजबूत हुई है। इन परियोजनाओं से व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़े हैं, जबकि ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना है जो आने वाले दशकों तक दिल्ली के विकास की मजबूत नींव बने। केंद्र सरकार इसी संकल्प के साथ राजधानी में कनेक्टिविटी, परिवहन और आधारभूत ढांचे को लगातार सशक्त कर रही है, ताकि दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।