जन्मदिन पर महापौर प्रवेश वाही ने स्वच्छता वीरों के साथ मनाया सेवा का उत्सव, कहा– सफाई कर्मियों का सम्मान ही दिल्ली का सम्मान
नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने अपने जन्मदिवस को सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए नगर निगम के स्वच्छता एवं सफाई कर्मियों के साथ आत्मीयता से भोजन किया। उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर उन कर्मयोगियों का सम्मान किया, जो वर्षभर दिन-रात मेहनत कर राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की स्वच्छता की असली पहचान नगर निगम के स्वच्छता प्रहरी हैं। भीषण गर्मी, कड़ाके की सर्दी, मूसलाधार बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी सफाई कर्मी पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्व निभाते हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही करोड़ों दिल्लीवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो पाता है।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर स्वच्छता कर्मियों के साथ बैठकर भोजन करना उनके जीवन के सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षणों में से एक रहा। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है, जो बिना किसी अपेक्षा के प्रतिदिन दिल्ली की सेवा में जुटे रहते हैं।
महापौर ने कहा, “मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद है। मैं नगर निगम के प्रत्येक स्वच्छता कर्मी को हृदय से नमन करता हूं। उनका सम्मान ही दिल्ली का सम्मान है और उनकी मेहनत ही राजधानी की असली ताकत है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा, कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। साथ ही आधुनिक संसाधनों, बेहतर सुविधाओं और सम्मानजनक कार्य संस्कृति के माध्यम से उन्हें और अधिक सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर महापौर ने सभी दिल्लीवासियों से भी स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ दिल्ली का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली को देश की सबसे स्वच्छ, सुंदर और विकसित राजधानी बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
