महापौर प्रवेश वाही ने 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी, बोले- स्वच्छ और हरित दिल्ली की दिशा में ऐतिहासिक कदम

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-10 में आयोजित कार्यक्रम में 135 इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर निगम के स्वच्छता बेड़े में शामिल किया। इनमें से 46 वाहन रोहिणी क्षेत्र में तैनात किए जाएंगे, जबकि शेष वाहन नरेला, सिविल लाइंस और केशवपुरम क्षेत्रों में स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करेंगे।

इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र कुमार सिंह, धर्मवीर शर्मा, स्मिता कौशिक, पूनम सैनी, रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति और स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक स्वच्छता वाहनों के शामिल होने से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रहा है तथा सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से आधुनिक स्वच्छता संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन के नए नियमों के तहत कचरे को चार श्रेणियों में अलग करना आवश्यक है। यदि गीले कचरे का स्रोत पर ही निस्तारण किया जाए और कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए, तो लैंडफिल स्थलों पर जाने वाले कचरे की मात्रा में बड़ी कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने दिल्लीवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाना केवल नगर निगम ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है।