नई दिल्ली, 22 जुलाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास के बाहर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान का प्रतीक है और उस पद तथा सरकारी आवास को घेरने का प्रयास पूरे देश का अपमान है।
हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से जो घटनाक्रम सामने आ रहा है, वह वास्तविक छात्र आंदोलन नहीं, बल्कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट दलों और समाजवादी पार्टी द्वारा युवाओं को भड़काने की संगठित कोशिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के बजाय अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस अब संसद से लेकर सड़कों तक हंगामा कर देश का माहौल खराब करना चाहती है। भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनता कई बार नकार चुकी है, लेकिन इसके बावजूद वह लोकतांत्रिक संस्थाओं और परंपराओं का सम्मान नहीं कर रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए पार्टी से देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति, संयम और लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष की राजनीति का जवाब देने की अपील की।
हर्ष मल्होत्रा ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।
