नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के कच्चे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब कर्मचारियों को नियमित (पक्का) करने की फाइलों के साथ एरियर कैलकुलेशन शीट लगाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इस फैसले से वर्षों से लंबित नियमितीकरण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
दिल्ली नगर निगम की डेम्स (DEMS) समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने बताया कि इस बाध्यता को समाप्त करने से विभागों को फाइल तैयार करने में लगने वाला समय बचेगा और नियमितीकरण से जुड़ी फाइलें तेजी से मुख्यालय पहुंच सकेंगी। इससे कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की प्रक्रिया में उल्लेखनीय गति आएगी।
उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को राहत मिलेगी और लंबे समय से नियमितीकरण का इंतजार कर रहे कर्मचारियों की उम्मीदें मजबूत होंगी। निगम में नियमितीकरण और एरियर से जुड़े मामलों का वित्तीय पहलू पहले भी प्रमुख मुद्दा रहा है।
